भाजपा अध्यक्ष लोढ़ा ने जनता से अपील की_
मुंबई। कोरोना संकट में ड्यूटी पर तैनात पुलिसवालों पर होनेवाले हमलों की संख्या में बढ़ोतरी पर भारतीय जनता पार्टी ने चिंता व्यक्त की है। मुंबई भाजपा के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा है कि निश्चित रूप से लॉकडाउन में हर किसी को कई तरह की परेशानियां झेनी पड़ रही है। लेकिन इसका यह हल नहीं है कि सुरक्षा में लगे पुलिस के जवानों पर ही लोग हमला करने लग जाएं। लोढ़ा ने जानकारी दी है कि लॉकडाउन के दौरान प्रदेश में पुलिस पर हमले की करीब 160 से भी ज्यादा घटनाएं सामने आई हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने जनता से अपील की है कि लॉकडाउन में कानून व्यवस्था का काम संभालने में जनता पुलिस बल की सहायता करें एवं अपना गुस्सा काबू में रखें। लॉकडाउन के दौरान हुई घटनाओं की जानकारी देते हुए मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक लोढ़ा ने बताया कि पुलिस पर इतने ज्यादा हमले पिछले कई सालों में भी नहीं हुए, जितने कोरोना के संकटकाल में हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि एक समुदाय विशेष द्वारा लॉकडाउन में पुलिस पर हमले भी अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गए है। पेट्रोल डालकर जलाने और भीड़ द्वारा लोहे की रॉड से पुलिसकर्मियों को मारने की घटनाएं भी महाराष्ट्र में हुई हैं। यही नहीं कोरोना संकट की शुरूआत में ही राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त मेडीकल सतर्कता न बरतने के कारण पुलिस दल के कुछ जवानों की मृत्यु हुई है एवं बड़ी संख्या में संक्रमणग्रस्त भी हैं। यह वास्तव में बहुत चिंता की स्थिति है। उल्लेखनीय है कि राज्य के गृह मंत्रालय ने भी दो दिन पहले स्वीकार किया है कि 28 अप्रैल तक महाराष्ट्र में पुलिस पर हमले की कुल 159 घटनाएं हुईं हैं। जिसके बारे में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराते हुए मुंबई भाजपा अध्यक्ष लोढ़ा ने कुछ विशेष घटनाओं का ब्यौरा भी दिया है।